अबुआ दिशोम बजट से आत्मनिर्भर झारखंड की दिशा मजबूत होगी : जोबा माझी

WhatsApp Channel Join Now
अबुआ दिशोम बजट से आत्मनिर्भर झारखंड की दिशा मजबूत होगी : जोबा माझी


पश्चिमी सिंहभूम, 24 फ़रवरी (हि.स.)। झारखंड विधानसभा में मंगलवार को प्रस्तुत बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने इसे जनभावनाओं के अनुरूप और राज्य के सर्वांगीण विकास को समर्पित बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट वास्तव में “अबुआ दिशोम” की अवधारणा को साकार करने वाला दस्तावेज है, जो गांव-गरीब, किसान, महिला, युवा और बुजुर्ग सभी वर्गों की आकांक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

सांसद ने कहा कि वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर द्वारा पेश किए गए बजट में सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इसके साथ ही कृषि क्षेत्र को मजबूत करने, किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने और बुनियादी ढांचे के विस्तार पर भी गंभीरता से ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों को उनकी आवश्यकताओं और योजनाओं के अनुरूप संतुलित बजट आवंटन किया गया है, जिससे विकास कार्यों को गति मिलेगी।

जोबा माझी ने सरायकेला के सदर अस्पताल को मेडिकल कॉलेज में उन्नत किए जाने की घोषणा का विशेष स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से कोल्हान क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी तथा स्थानीय युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर भी खुलेंगे।

मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना के लिए 14,065 करोड़ रुपये तथा राज्य के पेंशनधारियों के लिए 1,463 करोड़ 58 लाख रुपये के प्रावधान को उन्होंने सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि यह राशि महिलाओं और जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक संबल प्रदान करेगी और सामाजिक सुरक्षा के दायरे को और मजबूत बनाएगी।

सांसद ने विश्वास जताया कि यह बजट राज्य को आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि सरकार का यह प्रयास झारखंड की जनता के सपनों को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है और आने वाले समय में इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

Share this story