सड़क हादसे में युवक की मौत
बोकारो, 30 नवंबर (हि.स.)।
चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धनडाबर स्थित तलगड़िया मुख्य पथ पर रविवार की शाम सड़क हादसे में 48 वर्षीय घलटु राजवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक अपनी बाइक ( जेएच 09 क्यू 2311) से आमलाबाद ओपी क्षेत्र के भंडारीबांध गांव में रिश्तेदार के यहां निमंत्रण खाकर अपने घर भवानीपुर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार घलटु राजवार के पुत्र है तथा जोधाडीह मोड़ स्थित एक दुकान पर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। घर के एकमात्र कमाऊ सदस्य की अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे की सूचना मिलते ही चास
मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उठाने की कोशिश की, लेकिन परिजन और ग्रामीण मुआवजा मिलने तक शव उठाने से साफ़ मना कर दिया और सड़क जाम कर दी। समाचार लिखे जाने तक शव सड़क पर ही पड़ा था और ग्रामीण मुआवजा की मांग को लेकर अड़े हुए थे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक के परिवार को तुरंत उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि उनके आश्रितों का भविष्य सुरक्षित रह सके। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन की तलाश में लगी है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

