चीन की युवती और साहिबगंज का युवक ने भारतीय परंपरा से की शादी

WhatsApp Channel Join Now
चीन की युवती और साहिबगंज का युवक ने भारतीय परंपरा से की शादी


दुमका, 7 दिसंबर (हि.स.)। प्रेम की कोई सरहद नहीं होती, इस बात को झारखंड के संथाल परगना प्रमंडल के साहिबगंज जिला के एक युवक और चीन के हेवेई प्रांत की युवती ने शादी कर यह साबित कर दिया है। चीन की रहने वाली छियाओ जियाओ ने अपने भारतीय प्रेमी चंदन सिंह से शादी करने के लिए सात समंदर पार कर भारत की बहू बनने का फैसला किया। उनकी यह अनोखी और दिल छू लेने वाली प्रेम कहानी बीते 6 दिसंबर को विवाह के बंधन में मुकम्मल हुई। यह मामला रविवार को सामने आया है।

साहिबगंज के विनायक होटल में यह अंतर-सांस्कृतिक शादी पूरे वैदिक रीति-रिवाज और धूमधाम से संपन्न हुई।

अंर्तराष्ट्रीय प्रेम कहानी चीन और लंदन के शैक्षणिक परिसरों में शुरू हुई। चंदन सिंह और छियाओ जियाओ की मुलाकात पढ़ाई के सिलसिले में हुई। उनकी दोस्ती जल्द ही एक गहरे प्रेम संबंध में बदल गई और दोनों ने जीवन भर साथ रहने का फैसला कर लिया। अंर्तराष्ट्रीय रिश्ते को भारत लाने और इसे भारतीय संस्कार देने का सारा श्रेय चंदन के पिता शंभू शंकर सिंह को जाता है। उन्होंने बेटे के फैसले का पूरे दिल से सम्मान करते हुए शादी पूर्ण रूप से भारतीय रीति-रिवाज से करना सुनिश्चित किया। शादी समारोह में परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और दोस्तों ने हिस्सा लिया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच जब छियाओ जियाओ ने भारतीय परिधान में चंदन सिंह के साथ सात फेरे लिए, तो यह लम्हा दो देशों की संस्कृतियों का एक अद्भुत और यादगार संगम बन गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story