पीवीयूएनएल में गर्ल्स एम्पावरमेंट मिशन में 50 बालिकाएं हुई शामिल
रामगढ़, 23 मई (हि.स.)। पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) द्वारा “गर्ल्स एम्पावरमेंट मिशन 2026” कार्यक्रम का शुभारंभ शुक्रवार की रात किया गया। इस विशेष पहल के अंतर्गत आसपास के विद्यालयों की 50 बालिकाओं का पंजीकरण किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के साथ उन्हें भविष्य के लिए आत्मनिर्भर एवं सक्षम बनाना है।
सायंकाल आयोजित उद्घाटन समारोह में पिछले वर्ष की गर्ल्स एम्पावरमेंट मिशन की प्रतिभागी बालिकाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। उन्होंने अनुभव साझा करते हुए नई प्रतिभागियों को प्रेरित किया। उन्होंने कार्यशाला से प्राप्त सीख, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास के बारे में बताया। आगामी बैच की छात्राओं को इस अवसर का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पीवीयूएनएल के सीईओ ए.के. सहगल एवं स्वर्णरेखा महिला समिति की अध्यक्षा रेनू सहगल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पीवीयूएनएल परिवार के महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिवारजन एवं बच्चे भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बैग, यूनिफॉर्म, जूते, किट एवं अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। पीवीयूएनएल द्वारा बालिकाओं को नई चीजें सीखने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत एवं रोल मॉडल बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

