गांधी जयंती पर दाे साै बच्चों की पीस वॉक, गूंजा सत्य-अहिंसा का संदेश
रामगढ़, 02 अक्टूबर (हि.स.)। रामगढ़ में गांधी जयंती पर जवाहर बाल मंच के तत्वावधान में करीब दाे साै बच्चों ने गांधी जी के मुखौटे पहनकर पीस वॉक निकाली। गांधी चौक स्थित गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद निकली यात्रा का समापन मुक्ति धाम स्थित गांधी जी के समाधि स्थल पर हुआ।
तख्तियों के जरिए दिया भाईचारे का संदेश
बच्चों ने हाथों में “सत्य ही अहिंसा है”, “सभी धर्म समान हैं”, “स्वच्छ भारत–सुंदर भारत” और “अहिंसा ही सबसे बड़ी शक्ति है” जैसे संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को शांति, सद्भाव और स्वच्छता का संदेश दिया।
तारिक अनवर ने किया नेतृत्व
पीस वॉक का नेतृत्व जवाहर बाल मंच झारखंड प्रदेश अध्यक्ष तारिक अनवर ने किया। कार्यक्रम में लवली कुमारी, हर्ष राज, जिलाध्यक्ष कार्तिक राम सहित बड़ी संख्या में बच्चे शामिल हुए। विधायक ममता देवी, राजकुमार यादव, कुसुमलता कुमारी मुंडा समेत कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
आज गांधी के विचार और भी प्रासंगिक
तारिक अनवर ने कहा कि आज समाज में बढ़ती दूरियों को कम करने के लिए सत्य, अहिंसा, प्रेम और भाईचारे के रास्ते पर चलना जरूरी है। बच्चों के माध्यम से गांधी जी के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना ही इस पीस वॉक का उद्देश्य है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

