पनीर में मिलावट मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई : भजन्त्री
रांची, 31 अक्टूबर (हि.स.)। खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने और आम लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए रांची जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने का निर्णय लिया है।
समाहरणालय ब्लॉक-ए में शनिवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की जिला स्तरीय परामर्शी समिति की बैठक हुई। इसमें पनीर कारोबारियों के लिए अनिवार्य पंजीकरण और खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच के निर्देश दिया गया।
इस अवसर उपायुक्त ने कहा कि व्यवसाय के उद्देश्य से पनीर का निर्माण, बिक्री या अपने प्रतिष्ठान में उपयोग करने वाले सभी व्यक्तियों और प्रतिष्ठानों को अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराना होगा। बिना पंजीकरण कारोबार करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को जिले के होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों में नियमित और निरंतर जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया।
साथ ही पनीर के नमूनों की जांच जारी रखने और मिलावट पाए जाने पर संबंधित निर्माता एवं विक्रेता के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी जांच अभियान और जागरूकता कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई।
मौके पर एसडीओ कुमार रजत, एडीएम धनंजय, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामगोपाल पांडेय, सिविल सर्जन सहित खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

