गोड्डा जिला मुख्यालय के पास मिला अधजला शव

WhatsApp Channel Join Now

गोड्डा, 20 दिसंबर (हि.स.)। जिला मुख्यालय के पास कड़िया नदी के सटे कन्हवारा पुल के पास गांव के अरुण साह के पुत्र रोहित साह का अधजला शव मिला। आशंका है कि उसकी हत्या कर शव को नदी के पास जलाने का प्रयास किया गया है। घटना से आक्रोशित लोगों ने शहर के हटिया चौक के पास मुख्य सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रकट किया।

मौके की नजाकत को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महागामा शिव शंकर तिवारी, प्रशिक्षु डीएसपी कुमार गौरव, पुलिस निरीक्षक पथरगामा मुकेश पांडे एवं पुलिस निरीक्षक उपेंद्र कुमार महतो की अगुवाई में काफी संख्या में पुलिस बल मौके पर बुला लिया गया। घटना की पड़ताल के लिए स्वान दस्ता भी दुमका से बुलाया गया।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि रोहित शाह बीते संध्या से घर नहीं लौटा था। सुबह उसे खोजने के क्रम में उसका अधजला शव लोगों ने देखा। मामले को लेकर पूरे शहर में तनाव व्याप्त है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ रंजीत /चंद्र प्रकाश

Share this story