सरकार ने गरीबों के लिए कैंसर उपचार कोष में योगदान की राशि में किया संशोधन

WhatsApp Channel Join Now


जम्मू, 25 नवंबर (हि.स.)। जम्मू और कश्मीर सरकार ने गरीबों के लिए कैंसर उपचार प्रबंधन कोष (सीटीएमएफपी) के अंशदान में संशोधन किया है और सरकारी कर्मचारियों के वेतन से मासिक कटौती निर्धारित की है।

वित्त विभाग (कोड प्रभाग) सिविल सचिवालय जम्मू ने इस संबंध में सरकारी आदेश संख्या 1456-जेके (जीएडी) दिनांक 31-08-2026 के तहत एक परिपत्र जारी किया है। सीटीएमएफपी की स्थापना मूल रूप से सरकारी आदेश संख्या 779-जीएडी, 2010 के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के कैंसर रोगियों को महत्वपूर्ण वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए की गई थी। इसकी स्थापना के बाद से वित्त विभाग ने कई परिपत्र जारी कर सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) को राजपत्रित और गैर-राजपत्रित कर्मचारियों के वेतन से स्वैच्छिक मासिक कटौती की सुविधा प्रदान करने का निर्देश दिया है।

आयुष्मान भारत-पीएमजे सेहत योजना के विस्तार से कैंसर के अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज का एक बड़ा हिस्सा कवर हो गया है लेकिन फिर भी ओपीडी इलाज, निदान और दवाओं को लेकर मरीजों को भारी वित्तीय बोझ का सामना करना पड़ रहा है। योजना की सहायता को वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने के लिए सामान्य प्रशासन विभाग ने 31.08.2026 के आदेश द्वारा योजना में संशोधन किया।

संशोधित निर्देशों के अनुसार सीटीएमएफपी के लिए अंशदान जिन तरीको के स्रोत पर काटा जाएगा उसमें राजपत्रित कर्मचारी 480 रुपये प्रति वर्ष जिसे 40 रुपये प्रति माह की मासिक किस्तों में काटा जाएगा। गैर-राजपत्रित कर्मचारी को 240 रुपये प्रति वर्ष 20 रुपये प्रति माह की मासिक किस्तों में कटौती की जाएगी।

उपरोक्त सीमाएं न्यूनतम संशोधित मानक के रूप में निर्धारित हैं फिर भी कर्मचारी चाहें तो इन निर्धारित सीमाओं से अधिक राशि निधि में उदारतापूर्वक योगदान कर सकते हैं।

डीडीओ द्वारा काटी गई राशियाँ जम्मू-कश्मीर बैंक, सिविल सचिवालय शाखा में खाता संख्या 0110010200000810 (सीडी 810) में जमा की जाएँगी। सभी प्रशासनिक सचिवों से अनुरोध किया गया है कि वे डीडीओ को राजपत्रित और गैर-राजपत्रित कर्मचारियों से क्रमशः 40 रुपये प्रति माह और 20 रुपये प्रति माह की नियमित कटौती करने के लिए प्रेरित करें जो कि तत्काल प्रभाव से लागू हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782810 Articles

Share this story