श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026-लखनपुर में आधुनिक सुविधाओं से लेस केंद्र, तैयारियां अंतिम चरण में

WhatsApp Channel Join Now
श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026-लखनपुर में आधुनिक सुविधाओं से लेस केंद्र, तैयारियां अंतिम चरण में


कठुआ, 22 जून (हि.स.)। आगामी श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026 को लेकर कठुआ प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने सोमवार को लखनपुर का दौरा कर वहां बन रहे यात्री सुविधा केंद्र का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पेयजल की उपलब्धता, निर्बाध बिजली आपूर्ति, साफ-सफाई, शौचालय व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने यात्रियों की सुविधा के लिए स्थापित किए जा रहे आरएफआईडी और ई-केवाईसी काउंटरों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उपायुक्त को बताया कि यात्री सुविधा केंद्र के सिविल कार्य का 90 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है जबकि शेष फिनिशिंग कार्य तेजी से जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यात्रा शुरू होने से कम से कम एक सप्ताह पहले यह केंद्र पूरी तरह से संचालित हो जाएगा। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों को निर्देश दिए कि शेष कार्यों को निर्धारित समय में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए यात्रियों को निर्बाध और सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

लंगर व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने बताया कि लंगर स्थापित करने के लिए आवेदन प्राप्त हो चुके हैं और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शीघ्र ही अनुमति प्रदान की जाएगी।

गौरतलब है कि श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026 का शुभारंभ 1 जुलाई को कठुआ से होगा जबकि जम्मू बेस कैंप से श्रद्धालुओं का पहला जत्था 2 जुलाई को रवाना किया जाएगा। लखनपुर स्थित यह यात्री सुविधा केंद्र जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण ट्रांजिट प्वाइंट के रूप में विकसित किया जा रहा है जहां पंजीकरण, सत्यापन, स्वास्थ्य सहायता सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस अवसर पर उपायुक्त के साथ एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा, डीसी स्टेट टैक्सेस जोगिंदर जसरोटिया, एडीसी कठुआ महिमा मदान, मुख्य योजना अधिकारी रंजीत ठाकुर, एक्सईएन पीडीडी शफी अहमद, कार्यकारी अधिकारी नगर समिति लखनपुर पृथ्वी सांगड़ा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story