शहीद पुलिस जवान जसवंत सिंह की स्मृति में लोंडी गांव में वॉलीबॉल टूर्नामेंट आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
शहीद पुलिस जवान जसवंत सिंह की स्मृति में लोंडी गांव में वॉलीबॉल टूर्नामेंट आयोजित


कठुआ/हीरानगर, 11 अप्रैल (हि.स.)। हीरानगर के लोंडी गांव में स्थानीय युवाओं द्वारा शहीद पुलिस जवान जसवंत सिंह की स्मृति में दो दिवसीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इस टूर्नामेंट का उद्घाटन एसपी ऑपरेशंस बॉर्डर कठुआ बृजेश शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।

इस अवसर पर एसडीपीओ बॉर्डर धीरज कटोच, डीएसपी ऑप्स कठुआ पुष्पा ठाकुर तथा एसएचओ हीरानगर इंस्पेक्टर अमित सांगड़ा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शहीद के पिता की गरिमामयी उपस्थिति ने माहौल को भावुक बना दिया। लोंडी गांव के गणमान्य नागरिकों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर स्थानीय युवाओं के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की। यह आयोजन शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करने का माध्यम बना। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में युवाओं को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं। यह टूर्नामेंट न केवल शहीद के सर्वोच्च बलिदान को सम्मान देने का प्रतीक बना बल्कि समाज में एकता, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच को भी मजबूत करने का संदेश देता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story