शनिवार शाम को जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना: मौसम विभाग

WhatsApp Channel Join Now


जम्मू, 11 अप्रैल (हि.स.)। श्रीनगर मौसम केंद्र के अनुसार शनिवार दोपहर या शाम के समय जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कुछ स्थानों पर मुख्य रूप से दोपहर या शाम के समय हल्की बारिश या गरज के साथ बारिश हो सकती है। 12 अप्रैल को मौसम अधिकतर शुष्क रहने की संभावना है, केवल कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

अधिकारी ने आगे बताया कि 13 और 14 अप्रैल को आसमान साफ रहने का अनुमान है जबकि 16 और 17 अप्रैल को छिटपुट और गरज के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने किसानों को कृषि कार्य फिर से शुरू करने की सलाह दी है क्योंकि अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने की संभावना है।

इस बीच स्वतंत्र मौसम पूर्वानुमानकर्ता फैजान आरिफ ने मौसम की संभावित गतिविधि के कारण बाग मालिकों को 11 अप्रैल को कीटनाशक छिड़काव न करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि 12 अप्रैल को कुछ छिटपुट स्थानों को छोड़कर अधिकतर मौसम शुष्क रहने की संभावना है और सुबह के समय छिड़काव करने की सलाह दी जाती है। उन्होंने आगे कहा कि 13 से 15 अप्रैल तक पूरे क्षेत्र में शुष्क मौसम रहने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story