विशेष जरूरतों वाले बच्चों के लिए जम्मू-कश्मीर में बनें आवासीय सुविधाएं: पूर्व मंत्री
जम्मू, 14 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा की उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रिया सेठी ने जम्मू-कश्मीर में विशेष जरूरतों वाले बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं विकसित करने की मांग की है। बुधवार को उन्होंने शहीदी चौक स्थित जेएंडके समाज कल्याण केंद्र (एसकेके) द्वारा संचालित श्रवण बाधित बच्चों के स्कूल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत की और उनके बीच स्टेशनरी व खाद्य सामग्री वितरित की।
प्रिया सेठी ने स्कूल प्रबंधन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विशेष जरूरतों वाले बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण और आत्मनिर्भर बनने के समान अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार की दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण संबंधी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर में भी समावेशी शिक्षा और सुविधाओं को मजबूत करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के स्कूल में छात्रावास की सुविधा की तर्ज पर प्रदेश में विशेष जरूरतों वाले बच्चों के लिए भी आवासीय सुविधाएं विकसित की जानी चाहिए ताकि दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
स्कूल के प्रिंसिपल रोशन भान ने संस्थान की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बुनियादी ढांचे और सुविधाओं में सुधार से जुड़ी मांगें रखीं। प्रिया सेठी ने मांगों को सुनते हुए संबंधित सरकारी अधिकारियों के समक्ष मुद्दे उठाने और समाधान के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने विशेष जरूरतों वाले युवाओं के लिए कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया। इस अवसर पर कृष्णा टिक्कू, अंजलि टिक्कू, रविंदर टिक्कू, संजीव जलाली और सुशील कौल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

