मेट गाला 2026 में चमका एसएमवीडीयू का हुनर

WhatsApp Channel Join Now
मेट गाला 2026 में चमका एसएमवीडीयू का हुनर


जम्मू, 21 मई (हि.स.)। श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर एंड लैंडस्केप डिजाइन ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। विश्वविद्यालय से जुड़े आर्किटेक्ट एवं डिजाइनर आर्किटेक्ट सौरभ गुप्ता को हाल ही में आयोजित मेट गाला 2026 में ईशा अंबानी के लिए तैयार किए गए विशेष हेयर कूट्योर डिज़ाइन के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। भारतीय पारंपरिक मोगरा गजरे से प्रेरित यह कलात्मक हेयर कूट्योर ईशा अंबानी के चर्चित लुक का प्रमुख आकर्षण बना। जैस्मिन-प्रेरित इस हस्तनिर्मित हेयर स्कल्प्चर को कागज, तांबा, पीतल और भारतीय पिगमेंट पेंट से तैयार किया गया था, जिसे बनाने में 150 घंटे से अधिक का समय लगा।

इस उपलब्धि पर स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर के विभागाध्यक्ष आर्किटेक्ट अभिनय गुप्ता सहित अन्य शिक्षकों ने अर्चित सौरभ गुप्ता को बधाई देते हुए उनकी रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर एंड लैंडस्केप डिजाइन में विकसित हो रही नवाचार और कलात्मक सोच का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सौरभ गुप्ता ने अपने कार्य के माध्यम से भारतीय कला और परंपरा को वैश्विक मंच पर प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया है, जो विद्यार्थियों और युवा डिजाइनरों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर प्रगति कुमार ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विश्वविद्यालय परिवार के लिए “गौरव का क्षण” बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की वैश्विक पहचान एसएमवीडीयू से उभर रही रचनात्मक प्रतिभाओं और नवाचार क्षमता को दर्शाती है तथा यह विश्वविद्यालय की उत्कृष्टता, डिजाइन, वास्तुकला और अंतर्विषयक कला के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story