जेईआई और उसके फलाह-ए-आम ट्रस्ट से जुड़े 58 स्कूलों की प्रबंधन समितियों को अपने नियंत्रण में लेने का जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने दिया आदेश

WhatsApp Channel Join Now


श्रीनगर, 18 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने शनिवार को प्रतिबंधित जमात-ए-इस्लामी (जेईआई) और उसके फलाह-ए-आम ट्रस्ट से जुड़े 58 स्कूलों की प्रबंधन समितियों को अपने नियंत्रण में लेने का आदेश दिया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह कार्रवाई खुफिया रिपोर्टों और स्कूलों के प्रबंधन की वैधता समाप्त होने के बाद की गई है।

स्कूल शिक्षा विभाग ने गृह मंत्रालय की उन अधिसूचनाओं का हवाला दिया है जिनमें जेईआई को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत एक गैरकानूनी संगठन घोषित किया गया है।

एक अधिकारी ने बताया कि ये 58 कार्यरत स्कूल प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रतिबंधित संगठन या उसके ट्रस्ट से संबद्ध पाए गए हैं। अधिकारियों ने आगे बताया कि उपायुक्तों को स्कूलों का नियंत्रण अपने हाथ में लेने और छात्रों के शैक्षणिक भविष्य को अप्रभावित रखने के लिए नई, सत्यापित समितियों का गठन करने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के मानदंडों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बिना किसी बाधा के बनाए रखना है। उन्होंने बताया कि सभी 58 स्कूलों में सरकारी टीमें तैनात कर दी गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story