जीएलडीएम कॉलेज में उद्यमिता का महामंच-आईआईएम जम्मू ने विद्यार्थियों को दिए स्टार्टअप के गुर
हीरानगर, 3 नवंबर (हि.स.)। राजकीय गिरधारी लाल डोगरा मेमोरियल कॉलेज हीरानगर में भारतीय प्रबंधन संस्थान जम्मू के सहयोग से ‘उद्यमिता की बुनियादी अवधारणाएं’ विषय पर एक दिवसीय कॉन्क्लेव आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. प्रज्ञा खन्ना के मार्गदर्शन में संस्थान के इनोवेशन काउंसिल की ओर से किया गया।
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा विभाग के पूर्व प्रोफेसर एवं प्रिंसिपल डॉ. एमएस पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आईआईएम जम्मू के विशेषज्ञ कनव पाधा और ईशान मेहरा ने विद्यार्थियों को उद्यमिता, नए व्यावसायिक विचारों, स्टार्टअप शुरू करने तथा इनक्यूबेशन सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए प्रस्तुति प्रतियोगिता भी करवाई गई। प्रतियोगिता में जीडीसी हीरानगर की प्रिया ने प्रथम, सुहानी ने द्वितीय तथा जीडीसीडब्ल्यू कठुआ की भूमि ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं जीडीसी हीरानगर की चाहत और जीसीडब्ल्यू कठुआ की जुल्ली को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर हीरानगर के युवा कंटेंट क्रिएटर केशव शर्मा ने अपनी सफलता की कहानी साझा कर विद्यार्थियों को अपने हुनर और रुचि को रोजगार के अवसरों में बदलने के लिए प्रेरित किया। कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. प्रज्ञा खन्ना और आईआईसी अध्यक्ष डॉ. अनुपमा अरोड़ा ने भी विद्यार्थियों को नवाचार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में कॉलेज के प्राध्यापक एवं अन्य शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

