जम्मू में “नुमाइश” प्रदर्शनी का शुभारंभ, महिला उद्यमिता और स्थानीय प्रतिभाओं को मिला प्रोत्साहन

WhatsApp Channel Join Now
जम्मू में “नुमाइश” प्रदर्शनी का शुभारंभ, महिला उद्यमिता और स्थानीय प्रतिभाओं को मिला प्रोत्साहन


जम्मू, 09 मई (हि.स.)। नेहा महाजन, अध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा जम्मू-कश्मीर ने शनिवार जम्मू स्थित ज़ोन बाय द पार्क में बहुप्रतीक्षित “नुमाइश” प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में महिला उद्यमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, भाजपा महिला मोर्चा पदाधिकारियों और विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रदर्शनी का आयोजन शिखा सूरी चोपड़ा द्वारा किया गया जिसका उद्देश्य महिला उद्यमिता, रचनात्मकता, फैशन, लाइफस्टाइल उत्पादों और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। प्रदर्शनी में महिलाओं द्वारा तैयार किए गए फैशन उत्पाद, हस्तनिर्मित वस्तुएं, एक्सेसरीज और लाइफस्टाइल से जुड़े विभिन्न स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे।

इस अवसर पर नेहा महाजन ने आयोजक शिखा सूरी चोपड़ा की सराहना करते हुए कहा कि “नुमाइश” जैसी पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और आर्थिक रूप से सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं और ऐसे मंच उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। आयोजक शिखा सूरी चोपड़ा ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नेहा महाजन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “नुमाइश” का उद्देश्य महिलाओं और रचनात्मक प्रतिभाओं को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपने उत्पादों और कौशल को प्रदर्शित कर सकें तथा आपसी नेटवर्किंग के माध्यम से आगे बढ़ सकें।

कार्यक्रम के दौरान आगंतुकों ने प्रदर्शनी में लगाए गए आकर्षक स्टॉलों और रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना की। आयोजन सकारात्मक माहौल में संपन्न हुआ और प्रतिभागियों ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की उम्मीद जताई।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story