जम्मू में 16 मई को मनाई जाएगी श्री शनिदेव जयंती

WhatsApp Channel Join Now
जम्मू में 16 मई को मनाई जाएगी श्री शनिदेव जयंती


जम्मू, 15 मई (हि.स.)। जम्मू में श्री शनिदेव जयंती 16 मई शनिवार को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाई जाएगी। इस संबंध में श्री कैलख ज्योतिष एविम वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं ज्योतिषाचार्य महंत रोहित शास्त्री ने बताया कि ज्येष्ठ अमावस्या तिथि सूर्योदय व्यापिनी होने के कारण इस वर्ष शनिदेव जयंती 16 मई को ही मनाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि नवग्रहों में श्री शनिदेव को सबसे शक्तिशाली और न्यायप्रिय ग्रह माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शनिदेव भगवान सूर्य और माता छाया के पुत्र हैं तथा वे कर्म, न्याय, सेवा और व्यवसाय के कारक ग्रह माने जाते हैं। महंत रोहित शास्त्री ने बताया कि ज्येष्ठ अमावस्या तिथि 16 मई को सुबह 05:11 बजे प्रारंभ होकर रात्रि 01:31 बजे समाप्त होगी।

उन्होंने कहा कि शनिदेव जयंती पर पूजा-अर्चना, व्रत और दान करने से शनि दोष, साढ़ेसाती और ढैय्या के अशुभ प्रभावों में कमी आती है। वर्तमान में कुंभ, मीन और मेष राशियों पर साढ़ेसाती तथा सिंह और धनु राशियों पर शनि की ढैय्या प्रभावी है। ऐसे में संबंधित राशियों के जातकों को विशेष सावधानी बरतने और धार्मिक उपाय करने की सलाह दी गई है। महंत रोहित शास्त्री ने श्रद्धालुओं से शनिवार को गरीबों को दान देने, पीपल और शमी वृक्ष की पूजा करने, शनिदेव को सरसों के तेल और काले तिल अर्पित करने तथा हनुमान चालीसा का पाठ करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि शनिदेव के मंत्रों का जाप और विधिवत पूजा करने से जीवन के कष्टों में राहत मिलती है तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story