जम्मू के चकराली गांव में युवा राजपूत सभा ने चिट्टा तस्करी के खिलाफ प्रदर्शन किया

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 02 नवंबर (हि.स.)।

जम्मू जिले के मढ़ ब्लॉक के चकराली गांव में बढ़ती नशा तस्करी और एक युवक की कथित तौर पर चिट्टे के सेवन से हुई मौत को लेकर युवा राजपूत सभा ने तवी पुल पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन सभा के ग्रामीण अध्यक्ष रघुवीर सिंह भाऊ के नेतृत्व में आयोजित किया गया जिसमें एकजुट जम्मू के अध्यक्ष अजय सिंह सैनी ने भी हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि इलाके में लंबे समय से चिट्टे का कारोबार चल रहा है, जिसके कारण कई युवा नशे की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि करीब 10 से 15 दिन पहले गांव के एक युवक की कथित तौर पर नशे के कारण मौत हुई थी। प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि आसपास के 10 से 15 गांव भी नशे की समस्या से प्रभावित हैं। उन्होंने कुछ लोगों पर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे, नशा बेचने और किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाने के आरोप भी लगाए। स्थानीय लोगों ने सीमा पार से ड्रोन के जरिए नशे की सप्लाई होने की आशंका जताई, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रघुवीर सिंह भाऊ ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। वहीं अजय सिंह सैनी ने कहा कि नशे की गिरफ्त में फंसे युवाओं को भी सहायता और इलाज उपलब्ध करवाना जरूरी है। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध किसी जाति या समुदाय के खिलाफ नहीं, बल्कि नशा तस्करी और गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ है। प्रदर्शन में सुरेश भाऊ, विक्रम मन्हास, सुमित डोगरा, जीत सिंह, अजय भाऊ, कपिल देव सिंह और प्रदीप चिब सहित कई लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771148 Articles

Share this story