पीएम मोदी के जन्मदिन पर युवा मोर्चा ने लगाया रक्तदान शिविर

WhatsApp Channel Join Now
पीएम मोदी के जन्मदिन पर युवा मोर्चा ने लगाया रक्तदान शिविर


कठुआ, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से जीएमसी कठुआ में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद का संकल्प लिया। कठुआ के एसएचओ ने भी शिविर में रक्तदान किया।

इस अवसर पर कठुआ विधायक डॉ. भारत भूषण भी शिविर में पहुंचे और रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को शिविर आयोजित करने के लिए बधाई देते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर जरूरतमंदों के लिए रक्तदान करना सेवा और समर्पण का भाव है। भाजपा युवा नेता राहुल देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर उनकी लंबी आयु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए युवा मोर्चा की ओर से रक्तदान किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देशहित में निरंतर कार्य कर रहे हैं और युवाओं का यह प्रयास जरूरतमंद लोगों के काम आएगा।

भाजपा युवा नेता अनिरुद्ध शर्मा ने कहा कि नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में करीब 25 वर्षों के कार्यकाल में किए गए जनहित के कार्यों को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवा रक्तदान के माध्यम से सामाजिक सेवा में अपना योगदान दे रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story