नशामुक्त भारत का संदेश लेकर युवाओं ने दिखाई प्रतिभा, बरनोटी जोन का दबदबा

WhatsApp Channel Join Now
नशामुक्त भारत का संदेश लेकर युवाओं ने दिखाई प्रतिभा, बरनोटी जोन का दबदबा


कठुआ, 30 अक्टूबर (हि.स.)। सरकारी डिग्री कॉलेज कठुआ के सभागार में युवा सेवा एवं खेल विभाग की ओर से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2026 के तहत अंतर-जोन जिला स्तरीय युवा महोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त सुरेंद्र मोहन शर्मा ने किया जबकि जीडीसी कठुआ के प्रिंसिपल डॉ. मनोहर लाल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस दौरान विभिन्न जोन के विद्यार्थियों ने समूह लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, कविता और चित्रकला प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘विकसित भारत के लिए नशामुक्त अभियान’ रही जिसके माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।

मुख्य अतिथि सुरेंद्र मोहन शर्मा ने युवाओं से अपनी ऊर्जा और रचनात्मकता को सकारात्मक कार्यों में लगाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। प्रतियोगिताओं के परिणामों में लोकनृत्य, लोकगीत और नुक्कड़ नाटक में बरनोटी जोन प्रथम तथा कठुआ जोन द्वितीय रहा। चित्रकला में कठुआ जोन ने पहला और बरनोटी ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं कविता प्रतियोगिता में बरनोटी जोन प्रथम तथा कठुआ जोन द्वितीय स्थान पर रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769436 Articles

Share this story