साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें युवा-अमित शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें युवा-अमित शर्मा


कठुआ, 24 अगस्त (हि.स.)। राजकीय डिग्री कॉलेज कठुआ के बीकॉम एवं बीबीए विभागों की ओर से युवा सहभागिता कार्यक्रम के तहत साइबर सुरक्षा डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहें विषय पर जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. मनोहर लाल के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम में कंप्यूटर साइंस एवं आईटी विभाग जम्मू विश्वविद्यालय के कठुआ कैंपस के वरिष्ठ सहायक प्रोफेसर अमित शर्मा ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर खतरों, निजी डेटा की सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल और ऑनलाइन सुरक्षा के प्रभावी उपायों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने संवादात्मक सत्र में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कॉलेज के वरिष्ठतम शिक्षक संजय कारलूपिया ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे महत्वपूर्ण हथियार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार अपनाने और समाज में साइबर सुरक्षा का संदेश फैलाने का आह्वान किया। इस दौरान संसाधन व्यक्ति अमित शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन बीकॉम एवं बीबीए विभाग के शिक्षकों ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन बीबीए विभागाध्यक्ष डॉ. मीनाक्षी नागोत्रा ने प्रस्तुत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story