एसीबी द्वारा युवा संसद एवं सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
एसीबी द्वारा युवा संसद एवं सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


जम्मू, 30 अक्टूबर (हि.स.)। सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के चैथे दिन भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो जम्मू-कश्मीर की ओर से पुलिस ऑडिटोरियम गुलशन ग्राउंड जम्मू में युवा संसद एवं सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष का विषय ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रहा। कार्यक्रम में विभिन्न कॉलेजों के करीब 550 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों तथा एसीबी के 60 अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया।

एसीबी के निदेशक शक्ति कुमार पाठक (आईपीएस) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और ईमानदार एवं पारदर्शी समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण युवा संसद रही जिसमें विभिन्न कॉलेजों के 35 इंटर्न ने भाग लेकर राजस्व विभाग के डिजिटलीकरण, स्मार्ट जम्मू और साइबर अपराध से निपटने की पुलिस की तैयारियों जैसे मुद्दों पर चर्चा की। मतदान के बाद राजस्व और पुलिस विभाग से संबंधित प्रस्ताव बहुमत से पारित हुए जबकि स्मार्ट जम्मू से संबंधित प्रस्ताव पारित नहीं हो सका। इस दौरान 30 प्रश्नों पर आधारित ऑनलाइन क्विज भी आयोजित की गई जिसमें करीब 400 विद्यार्थियों एवं अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जम्मू विश्वविद्यालय के लॉ स्कूल के पूर्व निदेशक प्रो. (डॉ.) कुलवंत सिंह ने भी अपने विचार साझा करते हुए सरकारी विभागों में नैतिकता, जवाबदेही और कार्यकुशलता को मजबूत बनाने पर जोर दिया।

समापन अवसर पर एसएसपी एसीबी जम्मू शिवदीप सिंह ने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस, पारदर्शी कार्यप्रणाली और जनविश्वास कायम रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्रवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। एसीबी ने युवाओं और सरकारी कर्मचारियों में ईमानदारी एवं जवाबदेही की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769436 Articles

Share this story