खिलाड़ियों के समर्थन में उतरे जम्मू के युवा, चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता की उठाई मांग

WhatsApp Channel Join Now
खिलाड़ियों के समर्थन में उतरे जम्मू के युवा, चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता की उठाई मांग


जम्मू, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्कृष्ट खिलाड़ियों के जारी शांतिपूर्ण धरने को शनिवार को जम्मू के विभिन्न क्षेत्रों से आए युवाओं का समर्थन मिला। प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे युवाओं ने खिलाड़ियों के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी जायज मांगें पूरी होने तक वे उनके साथ खड़े रहेंगे।

इस दौरान वाईआरएस के संस्थापक एवं भाजपा नेता सुरिंदर सिंह गिल्ली तथा राजनीतिक नेता प्रताप सिंह भी धरने में शामिल हुए। उन्होंने सरकार से खिलाड़ियों की मांगों को गंभीरता से सुनने और उनकी शिकायतों का जल्द समाधान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी खिलाड़ी किसी अनुचित मांग को लेकर नहीं बैठे हैं बल्कि चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता चाहते हैं। यदि खिलाड़ियों को लगता है कि उनके साथ अन्याय हुआ है तो सरकार का दायित्व है कि उनकी बात सुने और निष्पक्ष तरीके से मामले का समाधान करे।

वक्ताओं ने आरोप लगाया कि चयन सूची में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई हैं जिनकी स्वतंत्र और पारदर्शी जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि योग्य खिलाड़ियों को नियमों और मेरिट के आधार पर समान अवसर एवं न्याय मिलना चाहिए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से चयन प्रक्रिया की समीक्षा कर वास्तविक शिकायतों का समाधान करने और जहां आवश्यक हो उचित कार्रवाई करने की मांग की। इस अवसर पर निखिल शर्मा, सुखविंदर सिंह, आर्यवीर सिंह, दीक्षित शर्मा, अश्विनी शर्मा, मोहित भाऊ, सुनील शाम, विक्रांत शर्मा और भानु प्रताप गोरिया सहित कई युवा भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story