युवाओं को एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) का महत्व समझना चाहिए: अरुण शर्मा

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 27 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के चल रहे संगठनात्मक अभियान लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ के तहत भाजपा प्रदेश सचिव अरुण कुमार शर्मा ने सांबा जिले के विजयपुर स्थित महावीर इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों के साथ संवाद किया। यह संवाद 'युवा संवाद' कार्यक्रम के अंतर्गत हुआ जिसका मुख्य विषय मतदाता सूचियों का 'विशेष गहन पुनरीक्षण' था। 'युवा संवाद' कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं के बीच चुनावी प्रणाली, एसआईआर के उद्देश्य मतदान के अधिकार के महत्व और एक लोकतांत्रिक देश में जिम्मेदार नागरिकों की भूमिका के बारे में जागरूकता पैदा करना है।

छात्रों से बातचीत करते हुए अरुण कुमार शर्मा ने बताया कि एसआईआर चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूचियों को संशोधित और अद्यतन (अपडेट) करने की एक प्रक्रिया है। इसके उद्देश्यों में पात्र मतदाताओं को शामिल करना गलत जानकारियों को सुधारना, और उचित सत्यापन के बाद दोहरी या अयोग्य प्रविष्टियों को हटाना शामिल है। शर्मा ने कहा कि युवाओं को एसआईआर का महत्व समझना चाहिए क्योंकि आज के छात्र ही कल के मतदाता हैं। चुनावी प्रणाली और संवैधानिक प्रावधानों की जानकारी उन्हें एक जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने में मदद कर सकती है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यपुस्तकों और परीक्षाओं तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। छात्रों को लोकतांत्रिक संस्थाओं के कामकाज, चुनाव प्रक्रिया और नागरिकों के अधिकारों व कर्तव्यों के बारे में भी जानकारी होनी चाहिए। अरुण कुमार शर्मा ने आगे कहा कि सटीक मतदाता सूचियां स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों का एक अनिवार्य हिस्सा हैं। प्रत्येक पात्र नागरिक को बिना किसी भेदभाव या अनावश्यक कठिनाई के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना चाहिए।

उन्होंने समझाया कि नागरिकों को नियमित रूप से मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जांचने चाहिए और यदि कोई विसंगति (गलती) मिलती है तो संबंधित अधिकारियों से संपर्क करना चाहिए। उन्होंने उचित सत्यापन के महत्व और पात्र नागरिकों को सुधार के अवसर मिलने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। अरुण कुमार शर्मा ने इस बात पर जोर दिया कि छात्रों को विश्वसनीय स्रोतों से जानकारी प्राप्त करने, विभिन्न दृष्टिकोणों को समझने और अफवाहों या गलत सूचनाओं के बजाय तथ्यों के आधार पर निष्कर्ष निकालने की आदत डालनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कम उम्र से ही चुनावी प्रक्रियाओं के बारे में जागरूकता होने से युवाओं को मतदाता के रूप में अपनी भविष्य की जिम्मेदारियों को समझने और लोकतंत्र में एक जागरूक नागरिक के रूप में भागीदारी के महत्व को जानने में मदद मिल सकती है।

उन्होंने संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और हर पात्र वोट के महत्व के बारे में अधिक जागरूकता लाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784450 Articles

Share this story