मिनी गोवा पुरथू में योग सत्र आयोजित, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश
कठुआ, 20 जून (हि.स.)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 से पूर्व चल रही योग जागरूकता गतिविधियों के तहत जिला प्रशासन कठुआ ने जिला आयुष विभाग के सहयोग से बसोहली के खूबसूरत पर्यटन स्थल पुरथू (मिनी गोवा) में योग सत्र का आयोजन किया।
इस अवसर पर विधायक बसोहली दर्शन सिंह, उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा, एडीसी कठुआ महिमा मदान, एडीसी बसोहली पंकज बगोत्रा सहित कई अधिकारी व बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। योग सत्र का संचालन जिला आयुष अधिकारी डॉ. राकेश शर्मा के नेतृत्व में टीम द्वारा किया गया जिसमें प्रतिभागियों को विभिन्न योग आसनों का अभ्यास करवाया गया और उनके शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई। विधायक दर्शन सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सुंदर स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित करने से स्वास्थ्य और जागरूकता का संदेश आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुंचता है। उन्होंने योग 365 अपनाने का आह्वान किया।
उपायुक्त राजेश शर्मा ने कहा कि योग भारत की अमूल्य धरोहर है जो आज वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन के लिए महत्वपूर्ण साबित हो रही है। उन्होंने लोगों से 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में बढ़-चढ़कर भाग लेने और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया और इसे अपनी दिनचर्या में अपनाने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

