रैली, पोस्टर व स्लोगन प्रतियोगिता के माध्यम से मनाया विश्व पर्यावरण दिवस, किया जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
रैली, पोस्टर व स्लोगन प्रतियोगिता के माध्यम से मनाया विश्व पर्यावरण दिवस, किया जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन


जम्मू, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जीजीएम साइंस कॉलेज की एनएसएस इकाइयों ने पर्यावरण विज्ञान विभाग के सहयोग से पर्यावरण संरक्षण, औषधीय पौधों की सुरक्षा और नशा मुक्ति को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। समर कैंप के तहत आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय में पर्यावरणीय जिम्मेदारी तथा सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रोमेश कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। 3 जून को आयोजित पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता में छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण और नशा विरोधी संदेशों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।

इससे पहले 4 जून को डॉ. संदीप सहगल, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, सिल्वीकल्चर एवं एग्रोफॉरेस्ट्री प्रभाग, स्कुआस्ट-जम्मू ने “औषधीय पौधों की रक्षा करें और पर्यावरण बचाएं” विषय पर व्याख्यान दिया था। उन्होंने औषधीय पौधों के महत्व और उनके संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में सहायक प्रोफेसर प्रो. पूनम कुंदन भी उपस्थित रहीं। वहीं 5 जून को फ़्लायें मंडाल गांव में जागरूकता रैली निकाली गई जिसमें एनएसएस स्वयंसेवकों ने स्थानीय लोगों को पर्यावरण संरक्षण, सतत जीवनशैली और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। पूरे कार्यक्रम का समन्वय एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. राहुल कैत और डॉ. नेहा शर्मा ने किया। समर कैंप का समापन पर्यावरण संरक्षण, औषधीय पौधों की सुरक्षा और नशामुक्त समाज के प्रति जागरूकता के संदेश के साथ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story