एसएमवीडीयू में ‘वर्चुअल लैब्स’ पर कार्यशाला आयोजित, 121 छात्रों ने लिया भाग

WhatsApp Channel Join Now
एसएमवीडीयू में ‘वर्चुअल लैब्स’ पर कार्यशाला आयोजित, 121 छात्रों ने लिया भाग


जम्मू, 19 मार्च (हि.स.)। कटड़ा स्थित श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग द्वारा “वर्चुअल लैब्स” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के सहयोग से संपन्न हुई जिसका उद्देश्य छात्रों के सैद्धांतिक ज्ञान और व्यावहारिक अनुभव के बीच की दूरी को कम करना था। कार्यशाला का संचालन आईआईटी रुड़की के वर्चुअल लैब्स प्रोजेक्ट से जुड़े प्रोजेक्ट एसोसिएट्स चेतन धीमान और अमित कुमार शर्मा ने किया। उन्होंने छात्रों को वर्चुअल लैब प्लेटफॉर्म के उपयोग पर विस्तृत जानकारी दी और विभिन्न प्रयोगों का लाइव प्रदर्शन कराते हुए इसकी उपयोगिता समझाई।

कार्यक्रम में कुल 121 छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेषज्ञों ने शिक्षा मंत्रालय भारत की एनएमईआईसीटी पहल के अंतर्गत विकसित वर्चुअल लैब्स की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह तकनीक कैसे पारंपरिक प्रयोगशाला शिक्षण को प्रभावी रूप से पूरक बनाती है। इस कार्यशाला का समन्वयन डॉ. विक्रम सिंह ने किया जबकि डॉ. अनिल कुमार भारद्वाज और डॉ. नीरज त्रिपाठी ने किया ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने इंटरैक्टिव सत्रों की सराहना करते हुए इसे ज्ञानवर्धक बताया। आयोजकों ने विश्वविद्यालय प्रशासन, कुलपति, रजिस्ट्रार और सभी संकाय सदस्यों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। अंत में IIT रुड़की के विशेषज्ञों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यशाला का सफल समापन किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story