अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कठुआ में 2 से 8 मार्च तक मनाया जाएगा महिला सप्ताह, डीसी ने जारी किया एक्शन प्लान
कठुआ, 20 फरवरी (हि.स.)। डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 2 से 8 मार्च 2026 तक जिले में महिला सप्ताह मनाने के लिए व्यापक कार्ययोजना जारी की। इस संबंध में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया जबकि एडीसी और एसडीएम वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
बैठक में महिला सशक्तिकरण और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। महिला सप्ताह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, वॉकाथॉन और मैराथन, कानूनी एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता सत्र, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, प्रेरक व्याख्यान तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम और संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे ताकि बालिका शिक्षा और सुरक्षा के महत्व को बढ़ावा दिया जा सके।
डीसी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल औपचारिकता न होकर महिलाओं के वास्तविक सशक्तिकरण का माध्यम बनना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

