नारी शक्ति वंदना अधिनियम के समर्थन में महिलाओं की पदयात्रा, हस्ताक्षर अभियान भी चलाया

WhatsApp Channel Join Now
नारी शक्ति वंदना अधिनियम के समर्थन में महिलाओं की पदयात्रा, हस्ताक्षर अभियान भी चलाया


कठुआ, 15 अप्रैल (हि.स.)। ‘नारी शक्ति वंदना अधिनियम’ के समर्थन में कठुआ में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा भव्य पदयात्रा निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर केंद्र सरकार के इस फैसले का स्वागत किया और 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के प्रस्ताव के समर्थन में आवाज बुलंद की।

पदयात्रा की शुरुआत शहीदी चाैक से हुई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए मुखर्जी चाैक तक पहुंची। इस दौरान महिलाओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर नारी शक्ति से जुड़े नारे लगाए और जागरूकता का संदेश दिया। मुखर्जी चाैक पहुंचने के बाद महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर ‘नारी शक्ति वंदना अधिनियम’ को अपना समर्थन दिया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि यह विधेयक महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। महिलाओं ने कहा कि इस आरक्षण से उन्हें राजनीति में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और वे विधायक, सांसद, काउंसलर, बीडीसी, सरपंच व पंच जैसे पदों पर पहुंचकर आम जनमानस की सेवा कर सकेंगी। महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी 16, 17 और 18 अप्रैल को संसद सत्र के दौरान इस बिल को लेकर विस्तृत प्रक्रिया पूरी की जाएगी और इसे पारित कराने की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। पदयात्रा का नेतृत्व महिला मोर्चा कठुआ की जिला अध्यक्ष सुषमा महाजन ने किया। उनके साथ नेहा महाजन प्रदेश अध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा जम्मू कश्मीर, गीता भगत महासचिव, जिला कठुआ अध्यक्ष उपदेश अंडोत्रा, जिला महासचिव सीमा कपूर, महासचिव मधु शर्मा भी मौजूद रहीं। इसके अलावा आसपास के गांवों से आए कई पूर्व सरपंच और पंचों ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story