अक्षय नवमी पर महिलाओं ने किया आंवली पूजन, परिवार की सुख-समृद्धि की कामना

WhatsApp Channel Join Now
अक्षय नवमी पर महिलाओं ने किया आंवली पूजन, परिवार की सुख-समृद्धि की कामना


कठुआ, 18 नवंबर (हि.स.)। अक्षय नवमी के पावन अवसर पर बुधवार को जिला कठुआ के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ आंवली पूजन किया। इस दौरान महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और खुशहाल जीवन की कामना की।

कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष में आंवले के वृक्ष की पूजा का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इसी परंपरा के तहत महिलाओं ने समूह बनाकर आंवले के पेड़ों के नीचे पूजा की। महिलाओं ने आंवले के वृक्ष को चुनरी से सजाया तथा लाल धागा बांधकर गन्ना, मूली और सुहाग की सामग्री अर्पित की। इसके बाद वृक्ष की परिक्रमा कर परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर महिलाओं ने विशेष रूप से खिचड़ी तैयार की और पूजा-अर्चना के बाद सामूहिक रूप से प्रसाद ग्रहण किया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक मास भगवान विष्णु को समर्पित है और आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास माना जाता है। पंडित अशोक शर्मा ने बताया कि आंवली पूजन का धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व है। मान्यता है कि आंवले के वृक्ष की पूजा करने से भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है। उन्होंने बताया कि आंवला एक औषधीय गुणों से भरपूर पौधा भी है जिसका सेवन स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माना जाता है। यही कारण है कि इस पर्व का धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्रकृति और स्वास्थ्य से भी गहरा संबंध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779350 Articles

Share this story