दलाई लामा के 91वें जन्मदिवस पर जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में सप्ताहभर होंगे कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
दलाई लामा के 91वें जन्मदिवस पर जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में सप्ताहभर होंगे कार्यक्रम


जम्मू, 04 जुलाई (हि.स.)। भारत तिब्बत सहयोग मंच (बीटीएसएम) ने परमपावन दलाई लामा के 91वें जन्मदिवस के अवसर पर जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के सभी जिलों में सप्ताहभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। इस संबंध में जम्मू में आयोजित संगठन की एक बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। बैठक की अध्यक्षता बीटीएसएम के बौद्धिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सह-संयोजक तथा जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख इकाई के अध्यक्ष डॉ. विवेक शर्मा ने की। उन्होंने बताया कि दोनों केंद्र शासित प्रदेशों की विभिन्न इकाइयों द्वारा शैक्षणिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में सेमिनार, प्रार्थना सभाएं, प्रदर्शनी, पौधारोपण अभियान तथा विद्यार्थियों और युवाओं के साथ संवाद सत्र शामिल होंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य करुणा, शांति, अहिंसा और सार्वभौमिक भाईचारे के संदेश को समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।

डॉ. विवेक शर्मा ने कहा कि परमपावन दलाई लामा ने अपना संपूर्ण जीवन सार्वभौमिक मानवीय मूल्यों, अंतरधार्मिक सद्भाव, अहिंसा तथा तिब्बती संस्कृति और विरासत के संरक्षण के लिए समर्पित किया है। उनके विचार आज भी विश्वभर में करोड़ों लोगों को करुणा, सहिष्णुता, विवेक और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि सप्ताहभर चलने वाले इन कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल जन्मदिवस का उत्सव मनाना नहीं बल्कि दलाई लामा के वैश्विक शांति, पर्यावरण संरक्षण, मानवीय मूल्यों और संवाद के माध्यम से विवादों के समाधान में दिए गए योगदान के प्रति लोगों को जागरूक करना भी है।

डॉ. शर्मा ने बताया कि परमपावन दलाई लामा का जन्म 6 जुलाई 1935 को तिब्बत के तक्त्सेर में हुआ था और इस वर्ष 6 जुलाई 2026 को वे अपना 91वां जन्मदिवस मनाएंगे। इस अवसर पर भारत तिब्बत सहयोग मंच ने समाज के सभी वर्गों से कार्यक्रमों में भाग लेकर शांति, करुणा, पारस्परिक सम्मान और सद्भाव के मूल्यों को आगे बढ़ाने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story