बाढ़ प्रभावित पीर पंजाल का दौरा जारी, हर परिवार के साथ खड़ी है सरकार-जावेद राणा

WhatsApp Channel Join Now
बाढ़ प्रभावित पीर पंजाल का दौरा जारी, हर परिवार के साथ खड़ी है सरकार-जावेद राणा


पुंछ, 25 जुलाई (हि.स.)। जल शक्ति, वन पर्यावरण एवं जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने शनिवार को सुरनकोट के धारा संगला क्षेत्र का दौरा कर हालिया भूस्खलन व बाढ़ से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनके दुख में सहभागी बने।

उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना देते हुए कहा कि सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें राहत, पुनर्वास व मुआवजा समय पर दिया जाएगा। इस दौरान उनके साथ विधायक सुरनकोट चौधरी मोहम्मद अकबर व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। राणा ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से पीर पंजाल के प्रभावित क्षेत्रों का लगातार दौरा कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और राहत व बहाली कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नुकसान का आकलन तेजी से किया जाए और पात्र परिवारों को बिना देरी सहायता उपलब्ध कराई जाए।

मंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों में दीर्घकालिक आपदा प्रबंधन उपायों पर जोर देते हुए भूस्खलन व बाढ़ संभावित स्थानों की पहचान कर स्थायी सुरक्षा कार्यों की योजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों, पेयजल, बिजली व अन्य आवश्यक सेवाओं की बहाली युद्ध स्तर पर करने को कहा ताकि प्रभावित लोगों को जल्द राहत मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story