वादों से मुकरने का आरोप-कठुआ में भाजयुमो का उग्र प्रदर्शन, नौकरियों पर रोक को बताया युवाओं के साथ विश्वासघात

WhatsApp Channel Join Now
वादों से मुकरने का आरोप-कठुआ में भाजयुमो का उग्र प्रदर्शन, नौकरियों पर रोक को बताया युवाओं के साथ विश्वासघात


कठुआ, 04 जून (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कठुआ में उमर अब्दुल्ला सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की और मुख्यमंत्री का पुतला जलाकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर चुनावी वादों से मुकरने और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।

युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कहा कि चुनाव से पहले 90 दिनों में 2 लाख नौकरियां, 200 यूनिट मुफ्त बिजली और 12 मुफ्त गैस सिलेंडर देने जैसे बड़े वादे किए गए थे लेकिन डेढ़ साल बाद भी ये वादे पूरे नहीं हुए। इसके विपरीत सरकार ने नई सरकारी नौकरियों के सृजन पर रोक लगा दी है और दो साल से खाली पड़े पदों को सरेंडर करने का फैसला लिया है जो युवाओं के रोजगार के अवसर खत्म करने वाला है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है और बेरोजगारी के बीच ऐसे फैसले हालात को और गंभीर बना रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार क्षेत्रवाद की राजनीति कर रही है जहां कश्मीर में राहत दी जा रही है जबकि जम्मू के लोग अब भी समस्याओं से जूझ रहे हैं।

भाजयुमो नेताओं ने मांग की कि सरकार तुरंत इस आदेश को वापस ले और सभी विभागों में खाली पदों को भरने के लिए पारदर्शी व समयबद्ध भर्ती योजना जारी करे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे जम्मू-कश्मीर में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story