चक मुरार की खस्ताहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 16 अगस्त (हि.स.)। चक मुरार गांव को जोड़ने वाली खस्ताहाल सड़क की समस्या को लेकर रविवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सड़क की दयनीय स्थिति से परेशान ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए सांसद जुगल किशोर शर्मा, बिश्नाह विधायक, पीडब्ल्यूडी विभाग और बीडीओ कार्यालय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपना रोष जताया।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि गांव को जोड़ने वाली सड़क लंबे समय से खराब हालत में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिसके कारण पैदल चलने वाले लोगों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़क के चलते आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष सड़क की समस्या को उठाया, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि सड़क की खराब हालत का सीधा असर गांव के दैनिक आवागमन और जरूरी सेवाओं पर पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि चक मुरार सड़क की तत्काल मरम्मत करवाई जाए और लोगों को लंबे समय से चली आ रही परेशानी से राहत दी जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की हालत नहीं सुधारी गई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story