तीन कनाल गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचाने पर ग्रामीणों में आक्रोश

WhatsApp Channel Join Now


जम्मू, 06 अक्टूबर (हि.स.)।

रणजीत सिंह पुरा गांव में किसान की करीब तीन कनाल में खड़ी गन्ने की फसल को कथित तौर पर शरारती तत्वों द्वारा नुकसान पहुंचाए जाने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने नंदपुर-अरनिया मार्ग पर प्रदर्शन करते हुए करीब छह घंटे तक सड़क बंद रखी जिससे यातायात प्रभावित रहा।

प्रदर्शन में पूर्व सरपंच ज्योति सिंह, पीड़ित किसान विजय कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने और किसान को हुए नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग की।

मामले की जानकारी मिलने पर बिश्नाह विधायक डॉ. राजीव कुमार भगत, तहसीलदार अंकुश त्रिपाठी और थाना प्रभारी दीपक ठाकुर मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। ग्रामीणों ने प्रशासन से फसल को हुए नुकसान का आकलन करवाकर किसान को राहत देने की मांग रखी।

पीड़ित किसान विजय कुमार ने बताया कि गन्ने की इसी फसल के मौसम में रस बेचकर उसके परिवार का खर्च चलता था। फसल को नुकसान पहुंचने से परिवार की पूरे मौसम की आमदनी प्रभावित होने की आशंका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story