वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-कठुआ प्रशासन ने 6 सीमावर्ती गांवों के एक्शन प्लान को दी अंतिम मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-कठुआ प्रशासन ने 6 सीमावर्ती गांवों के एक्शन प्लान को दी अंतिम मंजूरी


वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-कठुआ प्रशासन ने 6 सीमावर्ती गांवों के एक्शन प्लान को दी अंतिम मंजूरी


कठुआ, 25 अप्रैल (हि.स.)। जिला प्रशासन कठुआ ने वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2 के तहत जिले के छह चिन्हित सीमावर्ती गांवों के लिए तैयार किए गए विलेज एक्शन प्लान को अंतिम रूप दे दिया है। इन योजनाओं का उद्देश्य इन गांवों में समग्र और सतत विकास सुनिश्चित करना है।

उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति और लाभार्थी योजनाओं व बुनियादी ढांचे से जुड़े ड्राफ्ट प्लान की विस्तार से समीक्षा की गई। योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तय समयसीमा के भीतर योजनाओं को लागू किया जाए और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि योजनाएं जरूरत आधारित, समयबद्ध और परिणामोन्मुखी हों, ताकि बुनियादी सुविधाओं, आजीविका और सेवाओं में स्पष्ट सुधार दिखाई दे। उन्होंने स्थानीय लोगों की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि योजनाओं की स्थिरता के लिए जनसहभागिता जरूरी है। साथ ही विभागों को फील्ड स्तर पर सत्यापन कर खामियों को दूर करने और सभी प्रमुख योजनाओं का अंतिम छोर तक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि बोबिया, कड्याला, गजनाल, करोल कृष्णा, रठुआ और गुज्जर चक गांवों को इस योजना के तहत चिन्हित किया गया है जहां विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story