अमरनाथ यात्रा के काफिले के गुजरने के बाद रामबन-बनिहाल मार्ग पर हुए भूस्खलन के कारण पूरे दिन के लिए वाहनों के आवागमन पर रोक

WhatsApp Channel Join Now

रामबन, 27 जुलाई (हि.स.)।भारी बारिश के कारण हुए कई भूस्खलनों और पत्थर गिरने की घटनाओं के चलते तीन दिनों तक राजमार्ग पर यातायात ठप रहने के बाद सोमवार को यातायात फिर से शुरू हो गया था। हालांकि अमरनाथ यात्रा के काफिले के गुजरने के बाद रामबन-बनिहाल मार्ग पर गंगरू क्षेत्र में हुए भूस्खलन को साफ करने के कार्यों के लिए लगभग पूरे दिन के लिए वाहनों का आवागमन फिर से रोक दिया गया।

पुल डोडा पुल पर दरारें दिखाई देने की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा संबंधी चिंताओं को देखते हुए अधिकारियों ने रविवार देर रात पुल को बंद कर दिया। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कार्यकारी अभियंता अनिल मेहरा ने बताया कि इंजीनियरों द्वारा किए गए निरीक्षण में पाया गया कि ये दरारें संरचनात्मक दरारें नहीं थीं बल्कि निर्माण के दौरान शटरिंग जोड़ों पर कंक्रीट के ओवरलैप के कारण हुई थीं। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई भारी बारिश के बाद पुल पर दरारें पड़ने की अटकलें थीं। एहतियात के तौर पर और सुरक्षा की दृष्टि से हमने रात भर के लिए इसे वाहनों के लिए बंद कर दिया था।

उन्होंने कहा कि आज (सोमवार) सुबह विस्तृत निरीक्षण के बाद हमारे प्रारंभिक आकलन से पता चलता है कि ये संरचनात्मक दरारें नहीं हैं। उन्होंने बताया कि डिजाइन निरीक्षण एवं गुणवत्ता नियंत्रण विभाग की एक विशेषज्ञ टीम को भी पुल का स्वतंत्र मूल्यांकन करने और संरचनात्मक दोषों की पुष्टि के लिए गुणवत्ता जांच करने हेतु बुलाया गया है। उन्होंने कहा पुल के सुरक्षित प्रमाणित होते ही इसे यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। फिलहाल यातायात को वैकल्पिक गणपत पुल से डायवर्ट किया गया है। यदि विशेषज्ञ टीम को कोई दोष मिलता है तो पुल को खोलने से पहले उसे तुरंत ठीक कर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story