रियासी में गाड़ी खाई में गिरी, तीन लोगों की मौत, दो घायल
जम्मू, 19 अगस्त (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के रियासी ज़िले में एक पहाड़ी सड़क से गाड़ी फिसलकर खाई में गिर गई जिससे एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।
अधिकारियों आज बताया कि यह हादसा मंगलवार देर रात पनासा गांव के पास हुआ जब थानोले से थूब गांव जाते समय एक एसयूवी का ड्राइवर मोड़ पर गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा।
उन्होंने बताया कि बचाव दल को प्रेम सिंह (50) उनकी पत्नी तुरी देवी (45) और सास दुर्गी देवी (70) मृत मिले। बचाव दल ने मलबे से उनके शव निकाले।
अधिकारियों ने बताया कि गाड़ी के खाई में गिरने से पहले उसमें सवार दो अन्य यात्री कूदने में सफल रहे जिससे वे घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक अन्य हादसे में मंगलवार रात राजौरी ज़िले के खवास इलाके के गुंधा गांव में एक कैब सड़क से उतरकर खेत में जा गिरी जिससे छह लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

