हर घर तिरंगा में गूंजा वंदे मातरम-जीडीसी बसोहली में देशभक्ति का अद्भुत संगम

WhatsApp Channel Join Now
हर घर तिरंगा में गूंजा वंदे मातरम-जीडीसी बसोहली में देशभक्ति का अद्भुत संगम


बसोहली, 10 अगस्त (हि.स.)। सरकारी डिग्री कॉलेज बसोहली में हर घर तिरंगा अभियान-2026 पूरे जोश, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम के सामूहिक गायन से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति की भावना से सराबोर हो उठा।

यह आयोजन कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राज किरण शर्मा के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ जबकि कार्यक्रम का समन्वय शारीरिक शिक्षा एवं खेल निदेशक रोशन लाल शर्मा ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. शुभ कुमार, डॉ. सूर्य प्रताप सिंह, डॉ. रोशन लाल (एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी), प्रो. राजेश कुमार, डॉ. वीरेंद्र सिंह (एएनओ एनसीसी), डॉ. वैष्णो देवी एवं प्रो. विशाल शर्मा का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में 90 से अधिक एनएसएस स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेट्स, विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वंदे मातरम के सामूहिक गायन ने कॉलेज परिसर में एकता, राष्ट्रीय गर्व और देशभक्ति का अद्वितीय वातावरण सृजित किया।

इस अवसर पर विभिन्न वर्गों के छात्रों की सक्रिय भागीदारी ने जन भागीदारी की भावना को सशक्त किया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने एकजुट होकर राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और उससे जुड़े मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। विशेष बात यह रही कि वंदे मातरम के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में इसका सामूहिक गायन और भी अधिक अर्थपूर्ण बन गया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और जिम्मेदार नागरिकता के आदर्शों को निभाने तथा राष्ट्रगान की गरिमा बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story