वन महोत्सव 2026 मेगा पौधारोपण अभियान-विधायक डॉ. भारत भूषण व डीसी ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कठुआ, 30 जुलाई (हि.स.)। वन महोत्सव-2026 के तहत सामाजिक वानिकी विभाग कठुआ द्वारा गुरूवार को एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत कठुआ वाटरफ्रंट से कालीबाड़ी तक मेगा पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा जिले में हरित आवरण को बढ़ाना है।
कार्यक्रम का नेतृत्व विधायक कठुआ डॉ. भारत भूषण ने किया जबकि उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा, अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त सुरिंदर मोहन शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त महिमा मदान, डीएफओ सोशल फॉरेस्ट्री हिताक्षी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, पत्रकार, स्वयंसेवक और नागरिक समाज के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक डॉ. भारत भूषण ने एक पेड़ मां के नाम अभियान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया कि वे पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की देखभाल सुनिश्चित करें। उपायुक्त राजेश शर्मा ने सामाजिक वानिकी विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से हरित क्षेत्र का विस्तार करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाकर ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखा जा सकता है और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम किया जा सकता है।
अभियान के दौरान अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने भी पौधारोपण किया तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण व संवर्धन का संकल्प लिया।
इससे पूर्व डीएफओ हिताक्षी शर्मा ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए वन महोत्सव-2026 और एक पेड़ मां के नाम अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रतिभागियों को पौधों के संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए उनके दीर्घकालिक महत्व पर बल दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

