सामूहिक राम स्तुति व हनुमान चालीसा पाठ से युवा पीढ़ी में संस्कारों का किया संवर्धन
जम्मू, 06 मई (हि.स.)। जम्मू के छन्नी हिम्मत स्थित गौरीशंकर मंदिर में अखिल भारतीय धर्म प्रचार सेवा समिति द्वारा सामूहिक श्रीराम स्तुति एवं हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के राष्ट्रीय संयोजक सुनील शर्मा ने की जबकि मुख्य अतिथि के रूप में अयोध्या से आए विद्वान महेश तिवारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं और महिलाओं ने भाग लिया। नन्हे विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना हे प्रभु आनंद दाता ज्ञान हमको दीजिए ने सभी को भावविभोर कर दिया।
सभी श्रद्धालुओं ने एक स्वर में श्रीराम स्तुति और हनुमान चालीसा का पाठ किया जिसके बाद भोग और सामूहिक आरती का आयोजन हुआ। अपने संबोधन में सुनील शर्मा ने बताया कि समिति पिछले कई वर्षों से सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए कार्य कर रही है और श्रीराम स्तुति एवं हनुमान चालीसा पाठ अभियान को देशभर के मंदिरों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में केवल कृष्ण शर्मा, भुवनेश्वरी शर्मा, संजीव शर्मा, प्रतीक कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

