हीरानगर में उपमुख्यमंत्री की जनसभा में हंगामा, एनएलयू की मांग को लेकर नारेबाजी

WhatsApp Channel Join Now
हीरानगर में उपमुख्यमंत्री की जनसभा में हंगामा, एनएलयू की मांग को लेकर नारेबाजी


हीरानगर, 09 जुलाई (हि.स.)। हीरानगर में आयोजित उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी की जनसभा उस समय हंगामे में बदल गई जब जम्मू में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की स्थापना की मांग को लेकर एक एडवोकेट ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

स्टेटहुड की मांग को लेकर आयोजित इस जनसभा में उपमुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान एडवोकेट केतन कुमार अचानक खड़े हो गए और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की मांग से जुड़े पर्चे लहराते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार द्वारा जम्मू में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी खोलने का वादा अब तक पूरा क्यों नहीं किया गया।

स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने हस्तक्षेप करते हुए एडवोकेट केतन कुमार को कार्यक्रम स्थल से बाहर निकाल दिया। इसके बाद भी उन्होंने अपना विरोध जारी रखा और सड़क पर प्रदर्शन करते हुए कहा कि जब तक जम्मू में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की स्थापना नहीं की जाती उनका आंदोलन जारी रहेगा। जनसभा के दौरान हुए इस घटनाक्रम से कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया हालांकि बाद में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और कार्यक्रम आगे जारी रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story