लखनपुर को स्ट्रीट फूड हब बनाए जाने पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह का जोरदार स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
लखनपुर को स्ट्रीट फूड हब बनाए जाने पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह का जोरदार स्वागत


लखनपुर को स्ट्रीट फूड हब बनाए जाने पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह का जोरदार स्वागत


कठुआ, 17 जुलाई (हि.स.)। जम्मू कश्मीर के प्रवेश द्वार लखनपुर को भारत सरकार की नई योजना के तहत देश के 50 शहरों में स्ट्रीट फूड हब के रूप में विकसित किए जाने के बाद शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के लखनपुर पहुंचने पर व्यापार मंडल और स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया।

इस दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने केंद्रीय मंत्री का फूल-मालाओं और गर्मजोशी से अभिनंदन करते हुए लखनपुर को इस महत्वाकांक्षी योजना में शामिल किए जाने पर आभार व्यक्त किया।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार के आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा शुरू की गई इस योजना के तहत लखनपुर को विश्वस्तरीय स्ट्रीट फूड वेंडिंग स्पेस के रूप में विकसित किया जाएगा जिससे न केवल स्थानीय खानपान की पहचान को बढ़ावा मिलेगा बल्कि रेहड़ी-फड़ी वालों को सम्मानजनक आजीविका के अवसर भी मिलेंगे। यह योजना पीएम स्वनिधि के अंतर्गत वित्तीय सहायता और अतिरिक्त प्रोत्साहन भी प्रदान करेगी। प्रस्तावित योजना के अनुसार लखनपुर बाजार में दो क्लस्टर विकसित किए जाएंगे जिसमें पहला पुराना बस स्टैंड के पास और दूसरा सेल्स टैक्स कार्यालय के निकट। इन दोनों स्थानों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर आकर्षक फूड हब के रूप में तैयार किया जाएगा।

इस अवसर पर डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और लखनपुर को पहले चरण में इस योजना में शामिल किया जाना उसी दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि लखनपुर जो जम्मू-कश्मीर का प्रवेश द्वार है यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक, श्रद्धालु और यात्री आते हैं। ऐसे में स्ट्रीट फूड हब के रूप में इसका विकास होने से न केवल यहां की लोकप्रियता बढ़ेगी बल्कि स्थानीय व्यापार को भी नई गति मिलेगी। स्थानीय व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि इस परियोजना के क्रियान्वयन से लखनपुर एक प्रमुख फूड डेस्टिनेशन के रूप में उभरेगा और क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story