अखनूर में बिना परमिट दो वाहन किए गए जब्त
जम्मू,, 07 मई (हि.स.)।
अखनूर में यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोटर व्हीकल्स विभाग और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बिना रूट परमिट और आवश्यक दस्तावेजों के चल रही एक मैटाडोर और एक टाटा मोबाइल वाहन को जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई नियमित चेकिंग के दौरान की गई जिसमें दोनों वाहनों के चालक आवश्यक दस्तावेज, रूट परमिट, बीमा और अन्य अनिवार्य कागजात प्रस्तुत करने में असफल रहे। इसके बाद दोनों वाहनों को मौके पर ही मोटर व्हीकल्स एक्ट के प्रावधानों के तहत सीज कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक मार्गों पर अवैध रूप से चलने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है ताकि सड़क सुरक्षा और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
प्रशासन ने सभी व्यावसायिक वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने दस्तावेज, परमिट, बीमा और फिटनेस प्रमाणपत्र समय पर अद्यतन रखें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की जांच और प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

