एनडीपीएस के आरोपियों से संबंधित लगभग 2.5 करोड़ रुपये मूल्य की दो आवासीय संपत्तिया जब्त

WhatsApp Channel Join Now

अनंतनाग, 31 अक्टूबर (हि.स.)। मादक पदार्थों की तस्करी और उससे जुड़े वित्तीय नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रखते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अनंतनाग में जिले भर में अलग-अलग अभियानों में एनडीपीएस के आरोपियों से संबंधित लगभग 2.5 करोड़ रुपये मूल्य की दो आवासीय संपत्तियों को जब्त किया है।

पहली कार्रवाई में श्रीगुफवारा पुलिस स्टेशन ने शितिपोरा निवासी असदुल्ला भट के पुत्र अब्दुरल रशिद भट के लगभग 1 करोड़ रुपये मूल्य के दो मंजिला आवासीय मकान को जब्त कर लिया। यह जब्ती एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68-एफ के तहत की गई। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8, 20 और 29 के तहत दर्ज एफआईआर संख्या 39/2026 में शामिल है।

एक अन्य कार्रवाई में अशमुकाम के फ्रस्तवार निवासी मोहम्मद अकरम के पुत्र मोहम्मद यूसुफ उर्फ शब्बीर अहमद के लगभग 1.5 करोड़ रुपये मूल्य के दो मंजिला आवासीय मकान को एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत जब्त कर लिया गया। यह कार्रवाई एसडीपीओ पहलगाम की देखरेख में क्षेत्र के चौकीदार और नंबरदार की उपस्थिति में की गई।

अधिकारियों ने कहा कि ये कार्रवाइयां मादक पदार्थों के तस्करों के वित्तीय नेटवर्क को नष्ट करने और अवैध मादक पदार्थों के व्यापार से प्राप्त धन से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770252 Articles

Share this story