बिलावर नशा तस्करी मामले में दो अंतरराज्यीय सप्लायर गिरफ्तार, 80 ग्राम हेरोइन बरामद

WhatsApp Channel Join Now
बिलावर नशा तस्करी मामले में दो अंतरराज्यीय सप्लायर गिरफ्तार, 80 ग्राम हेरोइन बरामद


कठुआ, 10 सितंबर (हि.स.)। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कठुआ पुलिस ने बिलावर थाने में दर्ज नशा तस्करी के मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए दो अंतरराज्यीय ड्रग सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से 80 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद किया गया। इस मामले में अब तक कुल 515 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद हो चुका है।

जानकारी के अनुसार एफआईआर नंबर 89/2026 धारा 8/21/22/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में पहले 435 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद किया गया था। जांच के दौरान एसएचओ बिलावर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कठुआ जिले के विभिन्न इलाकों, आसपास के क्षेत्रों और पंजाब में तकनीकी सहायता से दबिश देकर आरोपियों के बैकवर्ड लिंक का पता लगाया। कार्रवाई के दौरान अविनाश कुमार पुत्र देव राज निवासी नंगल तहसील नगरी कठुआ को 53 ग्राम हेरोइन जैसे पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आए दूसरे आरोपी जगमोहन सिंह पुत्र नरिंदर सिंह निवासी अमृतसर को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 27 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद किया। पुलिस ने दोनों को मामले में बैकवर्ड लिंक के तौर पर गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा आईपीएस की निगरानी में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story