हीरानगर थाना में दो दिवसीय क्राइम रिव्यू मीटिंग, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
हीरानगर थाना में दो दिवसीय क्राइम रिव्यू मीटिंग, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश


कठुआ, 06 मार्च (हि.स.)। जिला कठुआ के पुलिस स्टेशन हीरानगर में अपराध मामलों की समीक्षा को लेकर दो दिवसीय क्राइम रिव्यू मीटिंग आयोजित की गई। यह बैठक एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा (आईपीएस) की अध्यक्षता में 5 मार्च 2026 से शुरू होकर दो दिनों तक चली।

बैठक में एसपी ऑपरेशंस मुकुंद तिबरेवाल (आईपीएस), एसडीपीओ बॉर्डर, डीएसपी ऑपरेशंस, एसआरपीओ डीपीओ, एसएचओ पुलिस स्टेशन हीरानगर, रीडर तथा थाने के अन्य जांच अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान थाने में दर्ज सभी लंबित मामलों, इनक्वेस्ट कार्यवाहियों, फरार आरोपियों और लंबित फाइलों की विस्तार से समीक्षा की गई। एसएसपी ने अधिकारियों को मामलों की तेजी से जांच पूरी करने और लंबित प्रकरणों का जल्द निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान मालखाना और कोट (हथियार कक्ष) का भी निरीक्षण किया गया। एसएसपी ने इनके सही रखरखाव और प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा पुलिस स्टेशन के आधिकारिक रिकॉर्ड को व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखने और अपडेट करने पर भी जोर दिया गया। बैठक के समापन पर एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा ने पुलिस स्टेशन हीरानगर के अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यप्रणाली और प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त किया तथा उन्हें भविष्य में भी इसी तरह जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story