सीयूजे में रसायन विज्ञान के नवीनतम शोध पर दो दिवसीय मंथन, देश-विदेश के विशेषज्ञों की सहभागिता

WhatsApp Channel Join Now
सीयूजे में रसायन विज्ञान के नवीनतम शोध पर दो दिवसीय मंथन, देश-विदेश के विशेषज्ञों की सहभागिता


जम्मू, 23 फ़रवरी (हि.स.)। सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू के रसायन एवं रासायनिक विज्ञान विभाग द्वारा “रासायनिक विज्ञान में हालिया प्रगति (आरएसीएस-2026)” विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में देश-विदेश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सम्मेलन के मुख्य संरक्षक कुलपति प्रो. संजीव जैन ने अपने मार्गदर्शन में इस अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक आयोजन को प्रोत्साहित किया। उन्होंने अंतःविषय शोध, नवाचार और वैश्विक सहयोग को रासायनिक विज्ञान की प्रगति के लिए आवश्यक बताया। स्कूल ऑफ एप्लाइड साइंसेज के डीन प्रो. विनय कुमार ने अकादमिक रूपरेखा को दिशा प्रदान की। सम्मेलन की संयोजक डॉ. सुजाता कुंदन तथा सह-संयोजक डॉ. सत्यनारायण बत्तुला ने आयोजन की समग्र रूपरेखा और व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया।

पहले दिन विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञों ने शोधपरक व्याख्यान प्रस्तुत किए जिनमें अल्काइन्स की कार्यात्मकता, पोर्फिरिन एनालॉग्स, फॉस्फीन-आधारित रसायन, नैनोमटेरियल्स और ऑर्गेनिक मैटेरियल्स पर चर्चा हुई। दूसरे दिन सुप्रामॉलिक्यूलर असेम्बली, कैंसर उपचार हेतु फोटोसेंसिटाइज़र, मीथेन रिफॉर्मिंग के लिए उत्प्रेरक तथा मैकेनोकेमिकल रणनीतियों जैसे उन्नत विषयों पर मंथन हुआ। पोस्टर एवं मौखिक प्रस्तुति सत्रों ने युवा शोधार्थियों को अपने कार्य प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान किया। समापन सत्र में सर्वश्रेष्ठ पोस्टर और मौखिक प्रस्तुति पुरस्कार वितरित किए गए।

सम्मेलन ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध सहयोग को सुदृढ़ करने और रासायनिक विज्ञान के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। आयोजकों ने सभी वक्ताओं, प्रतिभागियों और आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story