छह लाख रुपये की साइबर ठगी में कठुआ निवासी रितिश कुमार मेहरा समेत दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
छह लाख रुपये की साइबर ठगी में कठुआ निवासी रितिश कुमार मेहरा समेत दो गिरफ्तार


कठुआ, 04 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के जरिए छह लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में कठुआ निवासी एक युवक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कठुआ से गिरफ्तार आरोपी की पहचान रितिश कुमार मेहरा के रूप में हुई है जबकि दूसरे आरोपी को राजस्थान के भीलवाड़ा से पकड़ा गया है।

जानकारी के अनुसार आरोपियों ने खुद को कानून-प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारी बताकर पीड़ित को डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाया और उससे करीब 6 लाख रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर करवाए। जांच के दौरान पुलिस ने पैसों के लेन-देन की कड़ी को फेडरल बैंक के खाते से कोटक महिंद्रा बैंक के खाते तक ट्रेस किया।

जांच में सामने आया कि रितिश कुमार मेहरा से जुड़े बैंक खाते के खिलाफ विभिन्न राज्यों में एनसीआरपी पर 10 शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक उक्त खाते में करीब 50 लाख रुपये का लेन-देन भी हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, चार एटीएम कार्ड, पांच चेक बुक और पांच रबर स्टांप बरामद किए हैं। तकनीकी जांच के दौरान मामले में कंबोडिया से जुड़ा डिजिटल ट्रेल भी सामने आया है जिसके आधार पर विदेशी कनेक्शन की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का इससे पहले किसी आपराधिक मामले में संलिप्तता का रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story