शहीदी दिवस पर कठुआ में वीरों को श्रद्धांजलि, जिला प्रशासन ने किया नमन
कठुआ, 23 मार्च (हि.स.)। शहीदी दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन कठुआ ने सोमवार को महान स्वतंत्रता सेनानियों भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जिला सचिवालय के समीप स्थित शहीद भगत सिंह पार्क में बने त्रिमूर्ति स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को याद किया। पत्रकारों से बातचीत में उपायुक्त ने कहा कि 23 मार्च 1931 का दिन देश के इतिहास में अमर है, जब इन वीर सपूतों ने आजादी की लड़ाई में अपने प्राण न्योछावर किए। उन्होंने कहा कि यह दिन हमें स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष और बलिदानों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि आज हम जिस आजाद वातावरण में जीवन जी रहे हैं, वह इन महान क्रांतिकारियों की कुर्बानियों का परिणाम है, जिसे हमेशा स्मरण रखना चाहिए। इस अवसर पर एडीसी कठुआ विश्वजीत सिंह, तहसीलदार कठुआ विक्रम शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

